शहर में बेधड़क जल रहे कूड़े, एक्यूआई फिर 300 के पार
बुलंदशहर। शहर से लेकर ग्रामीणांचल तक धूल और धुएं के गुबार से तीन दिन बाद जिले की वायु गुणवत्ता ऑरेंज जोन से फिर खतरे में पहुंच गई। बुधवार को नगर की पालिका मार्केट, रेलवे स्टेशन, स्याना बस अड्डा, चांदपुर रोड आदि स्थानों पर कूड़ा जलता मिला। वहीं, नगर के यमुनापुरम, चांदपुर रोड, जिला अस्पताल, शनिदेव मंदिर रोड और नुमाइश मैदान में धूल का गुबार उड़ता रहा। इसके चलते जिले की वायु गुणवत्ता 325 मापी गई। शहर में स्मॉग की चादर छाए रहने से सुबह के समय दृश्यता भी कम हो रही है। वहीं, अगले एक सप्ताह तक लोगों को इससे राहत मिलने के आसार भी नहीं है। पर्यावरण विद राजेंद्र पथिक ने बताया कि बढ़ते वायु प्रदूषण को पौधरोपण करने के बाद उनका संरक्षण कर बचाया जा सकता है।
पिछले पांच दिन का एक्यूआई
दिन एक्यूआई
20 नवंबर 307
21 नवंबर 298
22 नवंबर 274
23 नवंबर 275
24 नवंबर 325