लगातार तीसरे दिन भी एक्यूआई 400 के पार
बुलंदशहर। जिले की हवा शनिवार को और अधिक जहरीली रही। एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) लगातार तीसरे दिन भी 400 के पार मापा गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, हवा की गति धीमी रहने से वायु प्रदूषण में इजाफा हो रहा है। हवा की गुणवत्ता लगातार खराब रहने से लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। वहीं, चिकित्सकों का कहना है कि घर से बाहर निकलते समय मास्क पहनकर निकलें।
शनिवार सुबह तापमान कम होने से धुंध छाने लगी। प्रदूषण नियंत्रण विभाग की हवा की शुद्धता जांच रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को जनपद का एक्यूआई 415 मापा गया, जिससे आम नागरिक समेत मरीजों को सांस लेने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं, पर्यावरणविद् ने स्मॉग/धुंध से बचाव के लिए पौधरोपण करने और कूड़ा-कचरा आदि न जलाने की अपील की। सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधर ने बताया कि बढ़ते वायु प्रदूषण से सभी बचाव करें। परेशानी होने पर सरकारी चिकित्सालयों में या पंजीकृत चिकित्सक से परामर्श लेने पर ही दवाई लें। उन्होंने सभी से मौसम के अनुसार घर से बाहर निकलने की अपील की।