अब 31 जनवरी को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
बुलंदशहर। जिले में अब 31 जनवरी को पांच साल तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। कोरोना संक्रमण के चलते 10 माह से अभियान स्थगित चल रहा था। अब वैक्सीनेशन की तिथि फाइनल होने पर शासन ने अभियान चलाने को पुन: आदेश जारी किए हैं।
शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय-समय पर पोलियो की खुराक पिलाई जाती है। मार्च 2020 में कोरोना संक्रमण शुरू होने पर अभियान बंद कर दिया गया था। इसके बाद शासन ने पहले 20 सितंबर ओर फिर 17 जनवरी से अभियान चलाने के निर्देश दिए, जो बाद में स्थगित करने पड़े। अब शासन ने कोरोना वैक्सीनेशन की तिथि फाइनल होने पर अभियान को चलाने की योजना तैयार की है। जिससे शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो खुराक पिलाई जा सके। स्वास्थ्य अफसरों के अनुसार करीब 10 माह बाद अभियान शुरू होगा। 31 जनवरी को बूथ पर ओर एक फरवरी से पांच फरवरी तक घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधर ने बताया कि 31 जनवरी से पल्स पोलियो अभियान चलाने के लिए शासन के निर्देश प्राप्त हो चुके हैं। अभियान के तहत शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।