भाजपा नेता से अभद्रता पर पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
सिकंदराबाद। भाजपा नेता से अभद्रता किए जाने के मामले में पुलिसकर्मी पर गाज गिरी है। एसएसपी ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पुलिसकर्मी योगेंद्र सिंह विदूड़ी को लाइन हाजिर कर दिया है।
किशोरी के साथ छेड़छाड़, मारपीट के एक मामले में मंगलवार को कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली पहुंचे भाजपा नेता ने पुलिस पर उनका पक्ष सुनने की बजाय अभद्रता, अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया था। वहीं उनके साथ मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं के साथ पुलिसकर्मी द्वारा मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया था। सूचना पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे थे और उन्होंने इस संबंध में कोतवाल से वार्ता की थी। हालांकि कोतवाल से वार्ता के बाद पूछने पर भाजपा नेता इस संबंध में कुछ भी कहने से बचते नजर आए थे। वहीं कोतवाल जितेंद्र सिंह ने भी इसे महज गलत फहमी करार दिया था और भाजपा नेता द्वारा लगाए गए अभद्रता, अमर्यादित भाषा के प्रयोग के आरोप, मारपीट किए जाने की बात को निराधार बताया था। मामले की गूंज एसएसपी के दरबार में पहुंचने पर बुधवार को एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे लाइन हाजिर कर दिया।