बुलंदशहर। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की ओर से चल रही परीक्षा मंगलवार को भी जारी रही। विवि की ओर से गठित उड़न दस्ते ने दो कॉलेजों में चल रही परीक्षा का निरीक्षण किया। इस दौरान दो कॉलेजों में छह नकलची परीक्षार्थी पकड़े और उनका केस बनाकर विवि को भेज दिया है। पकड़े गए नकलची छात्रों में शामिल एक पुलिसकर्मी मोबाइल पर नकल करते हुए पकड़ा तो उसने अभद्रता की और बीच में ही परीक्षा छोड़कर चला गया। सीसीएसयू की ओर से परीक्षा के निरीक्षण के लिए गठित किए गए उड़न दस्ते में शामिल डा. भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार को पहली पाली में बीए द्वितीय वर्ष में इतिहास विषय की परीक्षा चल रही थी। टीम जब सिकंदराबाद स्थित जेएस कॉलेज में पहुंची तो यहां पर चार परीक्षार्थी नकल करते पकड़े गए। इनमें एक पुलिसकर्मी भी शामिल रहा, जो अपने को गाजियाबाद का बता रहा था। यह पुलिसकर्मी मोबाइल पर नकल कर रहा था और उससे जब मोबाइल लेना चाहा तो उसने अभद्रता की। बाद मेंं उसे कॉलेज की प्रबंधन कमेटी को सौंप दिया, जहां से वह भाग खड़ा हुआ। इसके बाद आईपी कॉलेज में चल रही परीक्षा का जायजा लिया गया। यहां पर दो परीक्षार्थी नकल करते हुए पाए गए। इन सभी परीक्षार्थियों की उत्तरपुस्तिका को कब्जे में ले लिया और सील करते हुए केस बनाकर आगामी कार्रवाई के लिए विवि को भेज दिया है। जेएस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अजय शर्मा ने बताया कि जो परीक्षार्थी मोबाइल पर नकल करता हुआ पकड़ा गया वह अपने आपको पुलिसकर्मी बता रहा था। उसने यह भी बताया कि वह गाजियाबाद पुलिस में तैनात है। उसने अभद्रता की और बीच में परीक्षा छोड़कर चला गया। उसका उड़नदस्ते की टीम ने उसका केस बनाकर विवि को भेज दिया है।