महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर मंगलवार को बजरंग दल एवं विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं द्वारा बाइक रैली निकालने की अनुमति नहीं मिलने पर पुलिस ने कार्यकर्ताओं को गुलावठी की सीमा में रैली निकालने की इजाजत नहीं दी।
धौलाना बस स्टैंड पर गुलावठी में रैली को रोकने के उद्देश्य से सीओ यशवीर सिंह के नेतृत्व में चार थानों के इंस्पेक्टर व औरंगाबाद, सिकंदराबाद, खुर्जा व गुलावठी का पुलिस फोर्स तैनात रहा। पुलिस ने एहतियात के तौर पर बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ताओं को थाने में बैठा लिया।
जब इस बात का पता बाहर से आये नेताओं को चला तो उन्होंने इस आश्वासन के साथ कि रैली गुलावठी की सीमा से बाहर ग्राम देहरा तक निकाली जाएगी। कार्यकर्ताओं को थाने से बाहर निकाला। महाराणा प्रताप चित्र के साथ अनेक बाइक सवारों ने भगवा ध्वज लेकर धौलाना रोड स्थित हनुमान मंदिर से रैली की शुरुआत की।
रैली में भाजपा नेता देवेंद्र सिंह खटाना, कवि डॉ. अजुर्न सिंह सिसौदिया, भाजपा नेत्री विद्यावती तोमर, हेमंत सिंह, शैलेश तेवतिया, बजरंग दल के आदेश चौहान, अशोक बिधूडी, वीरेंद्र बंसल, प्रशांत तोमर, नीरज सैनी, शैलेंद्र राणा, सौरभ राणा आदि मौजूद रहे।
जिलेभर में श्रद्धापूर्वक मनाई गई महाराणा प्रताप की जयंती
जिले में मंगलवार को महाराणा प्रताप की जयंती श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रमों में हवन-यज्ञ कर महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। शिक्षण संस्थानों सहित जगह-जगह कार्यक्रम हुए जिनमें लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
राजपूत सभा ने महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर नहर के पास महाराणा प्रताप चौक पर राजपूत भाइयों और सर्व समाज को आमंत्रित किया। कार्यक्रम में प्रतिमा को दूध से स्नान करवाने के बाद फूल-मालाओं से सजाया गया। तत्पश्चात हवन-यज्ञ हुआ। अतिथियों ने महाराणा प्रताप के जीवन पर प्रकाश डाला।
इस दौरान राजपूत सभा के अध्यक्ष ठा. पृथ्वी राज सिंह, महासचिव ठा. सूर्यप्रकाश सिंह, पूर्व विधायक ठा. वीपी सिंह, ठा. सुनील सिंह, ठा. महेश कुमार सिंह, देवेंद्र सिंह खटाना, महेंद्र सिंह भाटी, संजय तोमर और गोविंद पाल सिंह आदि शािमल रहे।
उधर, आईपी कॉलेज प्रथम परिसर में भी महाराणा प्रताप की जयंती मनाई गई। इसमें प्राचार्य डॉ. वीके अग्रवाल के साथ शिक्षक और कर्मचारियों ने महाराणा प्रताप की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किए। डॉ. पूनम पालीवाल, डॉ. अजय कुमार गोयल, डॉ. रूपनारायण ओर डॉ. अमित शर्मा आदि ने विचार व्यक्त किए।
गुलावठी में आर्य कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शिक्षाविद् सुनील कुमार गोयल ने महाराणा प्रताप के जीवन पर प्रकाश डाला। सुनील गोयल, कॉलेज प्रबंधक संजीव गोयल, कॉलेज के टीचर्स व विद्यार्थियों ने महाराणा प्रताप के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
जहांगीराबाद में नगर में पूर्व सभासद अनूप कुमार रावल के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ठा. ओमप्रकाश सिंह व ठा. लक्ष्मीराज सिंह ने महाराणा प्रताप के चित्र के समक्ष माल्यार्पण कर किया।
ठा. लक्ष्मीराज सिंह ने कहा की हम सभी को एकजुट होकर आने वाली पीढ़ी के लिए अनुकूल माहौल बनाने चाहिए। अध्यक्षता ठा. सतवीर सिंह रघुवंशी प्रधानाचार्य और संचालन भूपेंद्र रावल ने किया। इस दौरान हिटलर पंवार, के.के. शास्त्री, वीरपाल सोलंकी, ठा. सुशील राघव, जितेंद्र राघव, मदनपाल सिंह, अभिजीत चौहान, रिंकू राणा, अजीत, संदीप रघुवंशी, अनुराग ठाकुर, टोनू सिसौदिया, भानुप्रताप अमीन, निर्देश चौहान आदि मौजूद रहे।