बुलंदशहर। मुख्यमंत्री का पुतला फूंकने का एलान किए जाने पर कोतवाली देहात पुलिस ने युवजन सभा के राष्ट्रीय सचिव व अधिवक्ता सभा के प्रदेश सचिव को घर पर ही नजरबंद कर दिया। बीते दिनों हरदोई में भाजपा नेता व कार्यकर्ताओं द्वारा सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का पुतला फूंके जाने पर 20 सिंतबर तक कार्रवाई न होने पर सपा ने कलक्ट्रेट में प्रदेश मुख्यमंत्री का पुतला फूंकने का एलान किया था। जिसके चलते युवजन सभा के राष्ट्रीय सचिव कमल गुर्जर को उनके घर पर पुलिस ने नजरबंद कर दिया और अधिवक्ता सभा के प्रदेश सचिव देवेंद्र पंडित को भूड़ चौराहे से पुलिस ने हिरासत में ले लिया। बाद में युवजन सभा के राष्ट्रीय सचिव के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने कोतवाली देहात प्रभारी निरीक्षक को ज्ञापन सौंप हरदोई में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का पुतला फूंके जाने पर कार्रवाई मांग की। कहा कि यदि एक सप्ताह में कोई कार्रवाई नहीं की गई तो प्रदेश के मुख्यमंत्री का पुतला समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता फूंकने पर मजबूर होंगे। संवाद