जहांगीराबाद। मंदिर में चोरी के आरोपी से चेकिंग के दौरान पुलिस और स्वॉट टीम की मुठभेड़ हो गई। पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। आरोपी से चोरी किया सामान और अवैध असलहा बरामद किया गया है।
एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि सोमवार की रात में जहांगीराबाद पुलिस व स्वाॅट टीम संयुक्त रूप से क्षेत्र के जसर बंबे की पुलिया पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक पर आता दिखाई दिया। रुकने का इशारा करने पर वह बाइक को मोड़कर तेजी के साथ भागने लगा। पुलिस के घेराबंदी करने पर बाइक सवार ने जान से मारने की नियत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। घायल बदमाश की पहचान हिमांशु उर्फ पुष्पेंद्र निवासी गांव सियाली नगर थाना अहार के रूप में हुई है। आरोपी के पास से एक छत्र सफेद धातु, दो सिल्ली सफेद धातु, चार घंटे, एक बैटरी, एक इंवर्टर, दो चाकू एवं एक वैगनार कार चोरी की बरामद की गई है।
आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर 25 मार्च 2026 में चामुंडा माता मंदिर अमरगढ़ और 23 अप्रैल 2026 में सिद्धबाबा मंदिर गांव चंडोक से चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी के खिलाफ थाना जहांगीराबाद में रिपोर्ट दर्ज थी। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी।जनपद के विभिन्न थानों में उसपर 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके साथी अंकित, रशी को पुलिस पहले की गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।