जहांगीराबाद। सोशल मीडिया पर एक व्यक्ति के साथ खींचतान करते हुए पुलिसकर्मियों का वीडियो वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि व्यक्ति को पुलिसकर्मी स्कूल के छात्र छात्राओं के सामने सड़क पर पीट रहे थे। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि आरोपी साइकिल चोर है, पूर्व में भी उस पर मुकदमे दर्ज हैं। हालांकि सड़क पर उसकी पिटाई क्यों की जा रही थी, इसका कोई जवाब उनके पास नहीं है।
सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक, व्हाट्सएप, ट्विटर आदि पर 30 सेकंड का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें एक व्यक्ति सड़क पर पुलिस कर्मियों के पैर पकड़ता हुआ नजर आ रहा है। पुलिसकर्मी लाठी के दम पर व्यक्ति को उठाते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान वह पुलिस की लाठी भी पकड़ता नजर आ रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद जहांगीराबाद पुलिस का कहना है कि बीते दिनों नगर के रामागंज निवासी सचिन फौजी के घर में घुसकर आरोपी ने उनके पुत्र की साइकिल चोरी की थी। सीसीटीवी में जलीलपुर निवासी ये व्यक्ति नजर आया था। जिसके आधार पर पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की। आरोपी नशेड़ी प्रवृत्ति का है, उस दौरान भी वह नशे की हालत में था। उसकी कोई पिटाई नहीं की गई थी। बिना पिटाई के ही वह नाटक कर रहा था। जिसका वीडियो किसी ने वायरल कर दिया। आरोपी को उसके परिजनों की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया है। मारपीट का आरोप निराधार है।
एसएसपी ने किया जवाब तलब
यह मामला करीब एक सप्ताह पुराना है लेकिन वीडियो सोशल मीडिया पर अब वायरल हुआ है। वायरल वीडियो सामने आते ही एसएसपी ने इसका संज्ञान लेते हुए जहांगीराबाद पुलिस से जवाब तलब किया है। जिस पर जहांगीराबाद पुलिस ने एसएसपी को पूरे प्रकरण की जानकारी दी है। बताया गया है कि आरोपी चोर है, जिसे पकड़ने के लिए गए थे।
पूर्व में भी वायरल हुए मामले
पुलिस द्वारा अपराधियों के साथ मारपीट करने की वीडियो वायरल होने का यह पहला मामला नहीं है। पूर्व में भी इस तरह के मामले सामने आते रहे हैं। करीब 3 वर्ष पूर्व खुर्जा पुलिस द्वारा भी एक युवक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। प्रकरण में पुलिस कर्मियों की गलती सामने आने पर तत्कालीन एसएसपी ने उन्हें लाइन हाजिर कर दिया था।
वायरल वीडियो में नजर आ रहा व्यक्ति चोर है। बीते दिनों एक साइकिल चोरी के मामले में उसका नाम फिर से प्रकाश में आया था। साथ ही सीसीटीवी में भी वह कैद हुआ था। पुलिस उसे पकड़ने के लिए गई थी लेकिन आरोपी ने पुलिस को देखकर नाटक शुरू कर दिया था। उसे बाद में हिदायत देकर छोड़ दिया गया था। मारपीट के आरोप निराधार हैं। - बीबी चौरसिया, एसपी देहात