फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बढ़ती उम्र के लोगों को जहरीली शराब ने पहुंचाया अधिक नुकसान

विज्ञापन
विज्ञापन
बढ़ती उम्र के लोगों को जहरीली शराब ने पहुंचाया अधिक नुकसान
विज्ञापन

सिकंदराबाद। जीतगढ़ी में जहरीली शराब का सबसे अधिक दंश 40 से अधिक आयु के लोगों को झेलना पड़ा। शराब के सेवन से मौत के मुंह में समाए छह लोगाें में तीन मृतकों की आयु 40 से अधिक तो तीन की 60 से अधिक है। वहीं, गंभीर रोगियों में 40 से अधिक आयु के लोग है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव जीतगढ़ी में जहरीली शराब के सेवन से बृहस्पतिवार की रात में करीब आठ बजे सरजीत, कलुवा की तबीयत खराब हो गई थी। अस्पताल ले जाने के दौरान दोनों की मौत हो गई थी। दोनों की उम्र 40 वर्ष से ऊपर थी। शुक्रवार की सुबह करीब चार बजे सतीश (44वर्ष) सुखपाल (65वर्ष) की तबीयत खराब हो गई थी दोनों की अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई थी। वहीं शुक्रवार की सुबह करीब 10.30 बजे पन्नालाल (60वर्ष) की उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई थी। शनिवार की सुबह भगवत (63वर्ष) की उपचार के दौरान मेरठ के अस्पताल में मौत हो गई थी। वहीं जिन लोगाें की हालत गंभीर बताई जा रही है उनमें लक्ष्मण (42वर्ष), गजे सिंह (55वर्ष), संजय (43वर्ष) शामिल हैं। इनके अलावा अस्पताल में उपचाराधीन अन्य 19 लोगों की आयु 35 से 40 वर्ष के बीच या उससे अधिक है।
विज्ञापन

शराब पीने से मुरादाबाद के युवक की बिगड़ी हालत, मारा छापा
सिकंदराबाद। गुलावठी रोड स्थित गांव मुरादाबाद निवासी बिजेंद्र (45वर्ष) पुत्र ब्रजराज खुर्जा स्थित चंद्रलोक कॉलोनी में पिछले 10 सालों से अपनी बहन के यहां पर रह रहा है। बताया गया कि उसने गांव में किसी व्यक्ति को रुपये उधार दिए थे। शनिवार को वह तगादा करने के लिए गांव आया था। इसी दौरान शाम के समय उसने शराब का सेवन किया। जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। जैसे ही इसकी जानकारी पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों को लगी तो अफरातफरी मच गई। पुलिस प्रशासनिक अधिकारी दौड़ते हुए गांव पहुंचे और बिजेंद्र को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। एसडीएम रविशंकर सिंह ने बताया कि बिजेंद्र को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर में रेफर किया गया है। बताया गया कि बिजेंद्र ने सिकंदराबाद स्थित एक ठेके से शराब खरीदी थी। जिसे पीने के बाद उसकी हालत खराब हुई। जानकारी में आने पर एसडीएम के नेतृत्व में रात में ही उक्त ठेके पर छापा मारा गया। साथ ही स्टाक की गहनता के साथ जांच की गई। वहीं पूर्व में गांव में अवैध शराब का कारोबार करने के आरोपी के घर पर एसडीएम के नेतृत्व में पुलिस ने दबिश दी और चेकिंग की।
कमाने वाले ही अस्पताल में, कैसे हो गुजर बसर
सिकंदराबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव जीतगढ़ी में जहरीली शराब का शिकार हुए परिवारों को जहां अपनों के खोने का गम है वहीं अब उनके सामने गुजर बसर को लेकर भी संकट छाने लगा है। नोएडा स्थित अस्पताल में भर्ती अजय सिंह की मां भौरकली ने बताया कि अजय मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता था। बूढे़ माता, पिता के अलावा पत्नी गीता अपने तीन बच्चों आशीष, आदर्श, मोनी का वह इकलौता सहारा है। अब उसके अस्पताल में भर्ती होने के कारण उनकी आय का कोई अन्य साधन नहीं है। जिसके चलते उनके सामने गुजर बसर का संकट छाने लगा है। इसके अलावा मौत के मुंह में समाए सरजीत, कलुवा, सतीश भी परिवार में अकेले कमाने वाले थे। जिससे उनके परिवार के सामने भी रोजी-रोटी को लेकर संकट गहराने लगा है। वहीं, अस्पताल में भर्ती 19 लोग जिनका उपचार चल रहा है। सभी मजदूरी कर परिवार की गुजर बसर के लिए कमाते थे।
विज्ञापन

जीतगढ़ी में अभी भी 24 घंटे अलर्ट पर स्वास्थ्य विभाग की टीम
सिकंदराबाद। जहरीली शराब कांड को लेकर घटना के तीन दिन बाद भी स्वास्थ्य विभाग, प्रशासन अभी भी अलर्ट है। गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम घूम-घूमकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर रही है। वहीं किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए गांव में एंबुलेंस की 24 घंटे तैनाती की गई है। प्रशासनिक टीम भी गांव में कैंप किए हुए है। इसके अलावा जीतगढ़ी के पास स्थित भट्ठों, आसपास के गांवों में प्रशासनिक टीम पहुंचकर लोगों के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी कर रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें