देवीपुरा में पीएनजी की सप्लाई बाधित होने पर चूल्हा जलाने का प्रयास करतीं महिला। संवाद
बुलंदशहर। शहर में मंगलवार शाम पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) की सप्लाई बाधित हो गई। इसका पता लगते ही कंपनी के अधिकारी कर्मचारियों संग मौके पर पहुंचे और सप्लाई को सुचारू करने में जुट गए। नगर के अधिकांश क्षेत्र में पीएनजी के कनेक्शन लगे हैं। इससे ही घरों की रसोई चलती है लेकिन शाम के समय अचानक सप्लाई बंद होने से चूल्हे ठंडे पड़ गए। इसे लेकर लोगों खासकर महिलाओं को खाना बनाने की चिंता सताने लगी। देवीपुरा निवासी सरिता और मुकेश ने बताया कि दोपहर बाद करीब तीन बजे अचानक पीएनजी की सप्लाई बाधित हो गई। इस समस्या के चलते रसोई में खाना बनाने की चिंता बढ़ गई। देर शाम तक पीएनजी की सप्लाई सुचारू होने का इंतजार करते रहे। दूसरी ओर गैस सप्लाई करने वाली कंपनी के मैनेजर अभिषार अग्रवाल ने बताया कि एक-दो जगह तकनीकी खराबी आने से सप्लाई बाधित हो गई। कर्मचारियों ने शाम छह बजे तक इसे दूर कर सप्लाई सुचारू कर दी है।