हाईवे पर छह माह पूर्व फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट से 50 हजार की लूट करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने शनिवार को धर दबोचा। लुटेरों के पास से लूट के चार हजार रुपये भी बरामद हुए हैं।
बता दें कि आठ जनवरी को हाईवे पर सिकंदराबाद की फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट मंदिरवाला नगला निवासी भानु प्रकाश पुत्र महेंद्र से बाइक सवार बदमाशों ने 50 हजार रुपये लूट लिए थे। भानु प्रकाश ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने शनिवार को मुखबिर की सूचना पर नगर के दनकौर तिराहे से लूट को अंजाम देने वाले अख्तियारपुर गांव, थाना अगौता निवासी योगेश उर्फ छोटू पुत्र जय प्रकाश, रिंकू उर्फ राजेश पुत्र त्रिलोकचंद को गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाल जितेंद्र कुमार ने बताया कि लुटेरे गाजियाबाद जाने की फिराक में थे। लुटेरों के पास से लूट के चार हजार रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस लुटेरों को जेल भेजने की तैयारी कर रही है।