जिला पंचायत के सभागार में पीसीएस प्री परीक्षा को लेकर अधिकारियों की बैठक लेतीं डीएम व एसएसपी।
बुलंदशहर। जिले के 25 केंद्रों पर 12 अक्तूबर को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की पीसीएस-प्री परीक्षा आयोजित होगी। इस दिन परीक्षा केंद्रों की 500 मीटर की परिधि में फोटो स्टेट, स्कैनर, प्रिंटर व मोबाइल आदि की दुकान बंद रहेंगी। यह निर्देश डीएम श्रुति ने सोमवार जिला पंचायत के सभागार में परीक्षा के अधीनस्थों की बैठक के दौरान दी।
डीएम ने कहा कि राज्य/प्रवर अधीनस्थ प्रारंभिक व सहायक वन संरक्षक/क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 में किसी भी तरह की गड़बड़ी और लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक विनय कुमार ने बताया कि परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 09:30 बजे से 11:30 बजे और दूसरी पाली दोपहर 02:30 बजे से शाम 4:30 तक चलेगी। 11 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
केंद्रों पर सहायक केंद्र व्यवस्थापक, केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई जा चुकी है। प्रत्येक केंद्र पर एक सब इंस्पेक्टर, तीन पुरुष आरक्षी, दो महिला आरक्षी व दो होमगार्ड पुलिस बल लगाए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर भौतिक सुविधाएं उपलब्ध करा दी हैं। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह, एसपी सिटी शंकर प्रसाद समेत सभी केंद्र व्यवस्था व अन्य अधिकारी शामिल रहे।