बुलंदशहर। फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया ने फार्मासिस्ट भर्ती, पदोन्नति व सेवा नियमावली-2025 का गजट नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। नई नियमावली के तहत फार्मासिस्ट को अब फार्मेसी अधिकारी नाम से जाना जाएगा। नई नियमावली जारी होने पर जिला चिकित्सालय के फार्मासिस्ट ने खुशी जताई। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के जिलामंत्री मनोज शर्मा व भूपेंद्र शर्मा ने बताया कि काफी दिनों से संगठन इसके लिए मांग करते आ रहे थे। जिलेभर के सरकारी चिकित्सालयों में तैनात 100 से अधिक फार्मासिस्ट को इससे लाभ मिलेगा। कहा कि अब फार्मेसी अधिकारी का वेतनमान 4600 ग्रेड पे व वरिष्ठ फार्मेसी अधिकारी का 4800 ग्रेड पे, सहायक मुख्य फार्मेसी अधिकारी और मुख्य फार्मेसी अधिकारी को 5400 ग्रेड पे मिलेगा। जिला फार्मेसी अधिकारी और उपनिदेशक फार्मेसी का ग्रेड पे 6600 रुपये तथा संयुक्त निदेशक फार्मेसी का ग्रेड पे 7600 रुपये मिलेगा। नई नियमावली का फार्मासिस्ट विपिन गुप्ता, नवीन शर्मा, शैलेन्द्र गौतम, रियाजुद्दीन, आरसी वर्मा आदि फार्मासिस्टों ने खुशी जताई।