खुर्जा के गांधी रोड पर लगे जाम में फंसे वाहन
खुर्जा। नगर में स्थित गांधी रोड पर ईंट से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली का टायर पंचर होने से ट्रैक्टर-ट्रॉली बीच रास्ते पर खड़ी हो गई। सोमवार सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक लोग जाम से जूझते रहे। पुलिस ने जाम खुलवाने और वाहन हटवाने का कोई प्रयास नहीं किया। दोपहर बाद मजदूरों ने दूसरा पहिया लाकर लगाया। शाम करीब पांच बजे ट्रैक्टर जाने के बाद जाम खुल सका।
खुर्जा में गांधी रोड सबसे व्यस्त मार्ग है। खुर्जा नगर क्षेत्र में व्यवसायिक और पुराना आवासीय इलाका इसी रोड पर है। सोमवार सुबह नौ बजे करीब ईंट से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली सिकंदराबाद की ओर जा रही थी। गांधी रोड पर आर्य समाज मंदिर के सामने पहुंची तो ट्रॉली के पिछले पहिये में पंचर हो गया। इससे ट्रॉली वहीं रुक गई और आगे नहीं बढ़ सकी। इसके बाद मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया। जेवर अड्डा की ओर से पदम सिंह गेट की ओर जाने वाली लेन पर यातायात बिल्कुल ठप हो गया।
विपरीत दिशा से आ रहे वाहन भी रुक गए। गांधी रोड के जाम से बचने के लिए लोगों ने ढोरी मोहल्ले, मदार दरवाजा मोहल्ला और छोटी होली मोहल्ले से निकलने का प्रयास किया। ऐसे में उन रास्तों पर भी जाम लग गया। दोपहिया वाहन चालक वैकल्पिक मार्ग से निकल गए, लेकिन कार चालक जाम में फंसे रहे। कुछ देर बाद दुकानदार और मजदूरों ने जाम खुलवाने का प्रयास किया। एक लेन से ही वाहनों का आवागमन रहा।
दुकानदार अनिल गर्ग ने बताया कि सड़क पर जाम लगने के कारण कुछ ग्राहक वापस ही लौट गए। पूरे दिन की दुकानदारी प्रभावित हो गई। 100 मीटर दूरी पर पुलिस चेकपोस्ट होने के बावजूद पुलिसकर्मी न ही जाम खुलवाने पहुंचे और न ही वाहन को सड़क से हटवाने का प्रयास किया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने कहा कि मामले की जानकारी नहीं है। चौकी इंचार्ज की ओर से भी कोई सूचना नहीं दी गई।