पंचायत चुनाव के बाद पहली बार 300 ग्राम पंचायतों में डीपीआरओ ने विकास संबंधी प्रस्तावों को तकनीकी स्वीकृति प्रदान की है। पंचायत राज विभाग ने विकास के लिए फंड भी जारी कर दिया है। जल्द ही 300 गांवों में विकास कार्य प्रारंभ होने की उम्मीद है।
नवीन पंचायत राज व्यवस्था के तहत अब ग्राम प्रधानों को विकास के प्रोजेक्ट की वित्तीय एवं तकनीकी स्वीकृति लेनी पड़ेगी। इसी क्रम में ग्राम प्रधानों ने विकास के प्रस्ताव डीपीआरओ को सौंपे थे।
मौका-मुआयना करने के बाद एडीओ पंचायत की रिपोर्ट के आधार पर पंचायत राज अधिकारी ने 300 ग्राम प्रधानों के प्रस्तावों को वित्तीय एवं तकनीकी स्वीकृति प्रदान कर दी है। फंड पहले से उपलब्ध करा दिया गया था। हालांकि, तकनीकी और वित्त स्वीकृति से पहले प्रधान धन नहीं निकाल सकते थे।
गांवों में यह होंगे कार्य
सीसी रोड, सड़क, नाली, हेल्थ पोस्ट, खड़ंजा, सामुदायिक केंद्र, स्ट्रीट लाइट, पंचायत घर आदि का निर्माण कराया जाएगा। विकास कार्य किस किस गली मोहल्लों में होने हैं, साइट चिन्हित कर ली गई है।
विकास कार्यों में पारदर्शिता लाने के मकसद से ग्राम प्रधानों को निर्माणाधीन साइट की फोटो विभाग की वेबसाइट पर अपलोड करनी होगी। निर्माण कार्य शुरू होने से पूर्व की फोटो पर इंटरनेट पर डालनी होगी।
300 ग्राम प्रधानों के प्रस्तावों को तकनीकी और वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। जल्द ही गांवों में निर्माण कार्य शुरू कराए जाएंगे। - राजेश कुमार सिंह, डीपीआरओ, बुलंदशहर