जिला अस्पताल के दवा काउंटर पर दवा लेते मरीज। संवाद
बुलंदशहर। बदलते मौसम के बीच बुखार के साथ पेट दर्द और दस्त के मरीजों की भी संख्या बढ़ रही है। ऐसे करीब 100 मरीज प्रतिदिन जिला अस्पताल की ओपीडी में उपचार कराने पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को पेट दर्द के 98 और वायरल बुखार से पीड़ित 197 मरीज अस्पताल पहुंचे। दो लोगों में मलेरिया बुखार की पुष्टि हुई है।
शुक्रवार को बारिश के दौरान जिला अस्पताल की ओपीडी में बुखार, खांसी-जुकाम के साथ पेट दर्द के मरीज अधिक रहे। जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. चंद्रप्रकाश सिंह ने बताया कि इन दिनों वायरल के मरीज अधिक आ रहे हैं। मौसम में बदलाव के कारण पेट दर्द और दस्त के मरीज भी बढ़े हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी नज्जार अहमद ने बताया कि प्रतिदिन बुखार पीड़ितों की सरकारी चिकित्सालयों पर ब्लड सैंपल लेकर डेंगू, मलेरिया एवं बुखार की जांच कराई जा रही है। साथ ही निजी अस्पताल में भर्ती मरीजों की भी जांच हो रही है। बुधवार को दो लोगों की निजी पैथोलॉजी लैब से रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अब मलेरिया के जिले में 35 केस हो चुके हैं।
जिलेभर के सरकारी चिकित्सालयों में डेंगू, मलेरिया और टायफाइड की जांच प्रतिदिन हो रही है। पॉजिटिव मरीजों का डाटा एकत्र कर शासन को भेजा जा रहा है। वायरल बुखार के साथ पेट दर्द और दस्त के मरीजों की संख्या बढ़ी है। - डॉ. विनय कुमार सिंह, सीएमओ