बुलंदशहर। जिला चिकित्सालय की ओपीडी में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे से दोपहर एक बजे तक तीन से चार बार बिजली गुल हो गई। इससे मरीजों को अंधेरे में परामर्श लेना पड़ा। कुछ कक्षों में चिकित्सकों ने मोबाइल की टॉर्च जलाकर मरीजों की जांच की। इस दौरान चिकित्सक और मरीज दोनों परेशान रहे।
जिला चिकित्सालय की इमरजेंसी के पास दोपहर करीब 12 बजे लाइन में फाल्ट हो गया। इससे ओपीडी की बिजली गुल हो गई जो करीब 15 से 20 मिनट तक गुल रही। बिजली अधिक समय तक गुल होने पर चिकित्सकों ने इसकी जानकारी बिजलीकर्मी को दी।
मरीज सुभाष ने बताया कि बेटी के दांत चेक करवाने आया तो बिजली गुल हो गई। मोबाइल की टॉर्च जलाकर जांच करवानी पड़ी। विमलेश ने बताया कि बेटे को एआरवी का टीका लगवाने के लिए पहुंची तो कक्ष में अंधेरा था। जिला चिकित्सालय के प्रभारी सीएमएस डॉ. प्रदीप राणा ने बताया कि फाल्ट के कारण समस्या हुई थी। कुछ देर बाद ही बिजली आ गई थी।