खुर्जा जंक्शन। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-3 पर सोमवार सुबह कालका हावड़ा मेल की चपेट में आने से यात्री की मौत हो गई। जीआरपी ने इसकी जानकारी मृतकों के परिजनों को दी। परिजन बिना पुलिस कार्रवाई के शव अपने साथ ले गए। पुलिस के मुताबिक यात्री का सुबह पत्नी से झगड़ा हुआ था।
जीआरपी प्रभारी मोनू सिंह ने बताया कि परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार आगरा जनपद के टूंडला थाना क्षेत्र स्थित जलेसर खेड़ा निवासी बनवारी लाल (55) का अपनी पत्नी से सोमवार सुबह झगड़ा हुआ था। बनवारी फिलहाल कहीं नौकरी नहीं करता था। सोमवार सुबह परिवार में झगड़ा होने के बाद वह ईएमयू से खुर्जा जंक्शन पर आया।
इसके बाद प्लेटफार्म नंबर-3 पर आई कालका-हावड़ा मेल की चपेट में आ गया। ट्रेन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसको आरपीएफ ने तुरंत जटिया अस्पताल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने बनवारी को मृत घोषित कर दिया। इसमें आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन परिजन स्पष्ट नहीं बता रहे हैं।