बुलंदशहर कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम। स्रोत विभाग
बुलंदशहर। खानपुर क्षेत्र के गांव खिदरपुर, गांव मूढ़ी बकापुर में दूषित पनीर की सब्जी खाने से 60 लोगों के बीमार होने के मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने सप्लायर की डेयरी के लाइसेंस को निलंबित कर दिया है। साथ ही डेयरी को बंद करवा दिया है। डेयरी से पनीर के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। डीएम श्रुति ने प्रकरण की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम का गठन किया था।
उपायुक्त खाद्य सुरक्षा विनीत कुमार ने बताया कि टीम ने घटनास्थल पर पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए। लोगों ने बताया कि समारोह में पनीर की सब्जी खाने के बाद कुछ लोगों की तबीयत बिगड़ गई थी। ग्रामीणों ने बताया कि पनीर की सप्लाई गुलावठी क्षेत्र के परतापुर से गई थी। जांच के दौरान प्रकाश में आया कि पनीर की सप्लाई गुलावठी क्षेत्र के अकबरपुर स्थित हरियाणा डेयरी से की गई थी।
जिसके बाद टीम ने डेयरी पर छापा मारा। डेयरी मालिक मूलरूप से अलीगढ़ निवासी सत्यप्रकाश ने स्वीकार किया कि समारोह में उन्होंने ही पनीर की सप्लाई की थी। मौके पर 15 किलो ग्राम पनीर मिला। नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।