खुर्जा। औरंगा गांव में पामोलिन तेल मिलाकर पनीर बनाया जा रहा था। खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को डेयरी पर छापा मारा। टीम ने माैके से 200 लीटर दूध को नष्ट कराया और पांच नमूने जांच के लिए भेजे।
विभाग के सहायक आयुक्त विनीत कुमार सिंह ने बताया कि खुर्जा के औरंगा गांव स्थित कान्हा डेयरी पर छापा मारा गया। डेयरी पर दूध में रिफाइंड पामोलिन तेल मिलाकर पनीर बनाया जा रहा था। मौके से दूध को नष्ट कराया गया। इसके अलावा विभाग की दूसरी टीम ने बुलंदशहर में स्याना रोड पर स्थित बायोमेड फूड्स कंपनी में छापा मारा। जहां पर सरसों के तेल की अलग-अलग ब्रांड में पैकिंग की जा रही थी। यहां से तेल के नौ नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। तीसरी टीम ने अनूपशहर कस्बे से इमली बाजार में जांच की, जहां पर तीन दुकानों से छेना रसगुल्ला, बर्फी, मैदा के तीन नमूने लिए गए। होली को ध्यान में रखते हुए सभी टीम को निरंतर जांच के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार सिंह, पंकज वर्मा, कमलेश कुमार, अमित कुमार, सनजीत कुमार, महेश कुमार, मुनेंद्र सिंह राना और बिहारी लाल शुक्ला आदि मौजूद रहे। संवाद