जिपं सदस्य पद के उम्मीदवारों ने खरीदे 45 नामांकन पत्र
बुलंदशहर। नामांकन पत्र भरने का समय नजदीक आता देख दावेदारों ने नामांकन पत्र खरीदना शुरू कर दिया है। अभी तक जिला पंचायत सदस्य पद के 45 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं। इनमें से 24 नामांकन पत्र बृहस्पतिवार को खरीदे गए। जबकि प्रधान के 166, बीडीसी के 56 और पंचायत सदस्य के उम्मीदवारों ने 58 नामांकन पत्र खरीदे हैं।
जिला पंचायत सदस्य पद के उम्मीदवारों को नामांकन पत्र जिला पंचायत कार्यालय से उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। एएमए विद्या शंकर पांडेय ने बताया गया कि बृहस्पतिवार को जिला पंचायत सदस्य के लिए 24 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं। अभी तक कुल 45 नामांकन पत्रों की बिक्री हो चुकी है। वहीं, दूसरी और जनपद के 16 ब्लॉकों से प्रधान, बीडीसी और पंचायत सदस्यों के उम्मीदवारों को नामांकन पत्र उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
- बृहस्पतिवार को ब्लॉक पहासू में प्रधान के 29, बीडीसी के छह और पंचायत सदस्य पद के लिए एक नामांकन पत्र खरीदा गया।
- ब्लॉक ऊंचागांव में प्रधान के पांच और बीडीसी के 12 नामांकन पत्र खरीदे गए।
- बीबीनगर ब्लॉक पर प्रधान पद के नौ, बीडीसी के छह और पंचायत सदस्य के 15 नामांकन पत्रों की खरीद हुई।
- ब्लॉक डिबाई पर प्रधान पद के 38, बीडीसी के नौ और पंचायत सदस्य के 10 नामांकन पत्र बिके।
- अनूपशहर ब्लॉक पर प्रधान के 22, बीडीसी के तीन और पंचायत सदस्य के लिए
23 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई।
- ब्लॉक दानपुर में प्रधान पद के 40, बीडीसी के 12 और पंचायत सदस्य के नौ उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र खरीदे।
- शिकारपुर ब्लॉक पर प्रधान पद के 10 और बीडीसी पद के लिए तीन नामांकन पत्रों की बिक्री हुई।
- स्याना ब्लॉक पर प्रधान पद के 13 और बीडीसी के पांच उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं।
डीएम - एसएसपी ने चुनावी तैयारियों का लिया जायजा
बुलंदशहर। डीएम रविंद्र कुमार और एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए।
डीएम-एसएसपी ने बृहस्पतिवार को विकास खंडों में नामांकन स्थल, पोलिंग पार्टी रवानगी और मतपेटिका प्राप्त करने, स्ट्रांग रूम बनाए जाने के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया।
बुलंदशहर ब्लॉक के निर्वाचन के लिए डीएवी डिग्री कॉलेज में बनाए जा रहे पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल, मतपेटिका प्राप्ति स्थल, स्ट्रांग रूम एवं मतगणना स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। साथ ही मतगणना स्थल के संबंध में जानकारी ली। अफसरों को निर्देश दिए कि सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग कर मतगणना टेबल को कवर किया जाए। साथ ही स्ट्रांग रूम से मतपेटिका लाए जाने के मार्ग को भी बैरिकेडिंग करने एवं पुलिस बल की तैनाती की जाए। एडीएम प्रशासन से कहा कि सभी विकास खंडों के लिए कोशिश की जाए कि एक स्थल पर ही नामांकन, पोलिंग पार्टी रवाना, मतपेटिका प्राप्त करने, स्ट्रांग रूम एवं मतगणना का कार्य संपन्न कराया जाए। इस अवसर पर एडीएम फाइनेंस सहदेव कुमार मिश्रा, एडीएम प्रशासन रवींद्र कुमार, एसडीएम सदर आशीष कुमार, तहसीलदार सदर मलखान सिंह के अलावा संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
तीन चरणों में दिया जाएगा 17,248 कर्मियों को प्रशिक्षण
बुलंदशहर। पंचायत चुनाव करवाने के लिए कर्मियों को भी प्रशिक्षण देने की तैयारी शुरू हो गई है। चुनाव ड्यूटी में लगे 17,248 कर्मियों को तीन चरणों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे पहले एक बार और आरओ और एआरओ को भी प्रशिक्षण दिया जाना है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के कार्मिक अधिकारी/ मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक पांडेय ने बताया कि पंचायत चुनाव में 495 आरओ (रिटर्निंग ऑफिसर) और एआरओ की ड्यूटी लगाई गई है। इनको पूर्व में भी प्रशिक्षण दिया जा चुका है। जबकि एक और इन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही चुनाव ड्यूटी में लगे 17,248 कर्मियों को भी प्रशिक्षण देने की तैयारी शुरू हो गई है। इन सभी कर्मियों को तीन चरणों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए अभी जगह का चयन करने और जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम रविंद्र कुमार के आदेश का इंतजार है। कर्मियों को दिए जाने वाले प्रशिक्षण के दौरान कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए खास उपाय किए जाएंगेे। प्रशिक्षण में शामिल होने वाले कर्मियों को सोशल डिस्टेंसिंग को अपनाना होगा। प्रशिक्षण के लिए जल्द ही तिथि जारी कर दी जाएगी।
नो-ड्यूज लेने पहुंच रहे संभावित उम्मीदवार
बुलंदशहर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के संभावित उम्मीदवार जिला पंचायत कार्यालय और ब्लॉक से नो-ड्यूज लेने भी पहुंचना शुरू हो गए हैं। साथ ही बैंक, सहकारी समिति और पॉवर कारपोरेशन आदि से से भी नो-ड्यूज जारी किए जाने लगे हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी नंदलाल ने बताया कि प्रधान, बीडीसी और पंचायत सदस्य के उम्मीदवारों के साथ निवर्तमान प्रधान को नो-ड्यूज ब्लॉक से जारी किए जा रहे हैं। संभावित उम्मीदवारों के लिए बैंक, सहकारी समिति और पावर कॉरपोरेशन से भी नो-ड्यूज लेना अनिवार्य है। वहीं, दूसरी ओर जिला पंचायत सदस्य पद के उम्मीदवारों को नो-ड्यूज जिला पंचायत कार्यालय से ही जारी किए जाएंगे। इन प्रत्याशियों को भी बैंक, सहकारी समिति और पावर कॉरपोरेशन से भी नो-ड्यूज लेना अनिवार्य होगा।