आप निवर्तमान ग्राम प्रधान को हराओ...बाकी मैं देख लूंगा
बुलंदशहर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में सरकारी नुमाइंदे भी बढ़चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। इसमें ग्राम सचिव भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। इसका एक ऑडियो वायरल जनपद में तेजी से हो रहा है। शिकायत और ऑडियो मिलने पर सीडीओ ने जिला विकास अधिकारी को जांच सौंप दी है। शिकायतकर्ता ने ऑडियो की सीडी तैयार करके जांच अधिकारी को सौंपी है। सचिव पर गाज गिरना तय माना जा रहा है।
ब्लॉक खुर्जा क्षेत्र के गांव बिचौला के ग्राम पंचायत सचिव और ग्राम प्रधान पद के प्रत्याशी की बातचीत का एक ऑडियो वायरल हो रहा है। इसमें सचिव प्रत्याशी से दूसरे प्रत्याशी को हराने के लिए कुछ भी करने को तैयार रहने की बात कह रहे हैं। बातचीत में जिला प्रशासनिक कार्यवाही को रोकने का भी दावा किया जा रहा है। प्रत्याशी ने जब सचिव को ग्राम की ही एक महिला द्वारा आरक्षण नीति में बदलाव के लिए आपत्ति दर्ज कराने की बात कही तो सचिव ने दावा किया कि उसे मैं देख लूंगा। आप केवल निवर्तमान ग्राम प्रधान को हराने पर जोर लगाओ। इस मामले की शिकायत सीडीओ अभिषेक पांडेय से की है। सीडीओ ने जिला विकास अधिकारी साहित्य प्रकाश मिश्रा को ऑडियो की सीडी सौंपकर मामले की जांच सौंपी है। जिला विकास अधिकारी साहित्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि चुनाव के दौरान सरकारी कर्मचारी किसी प्रत्याशी को लाभ पहुंचाने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। ऑडियो में सचिव की भूमिका संदिग्ध प्रतीत हो रही है। जल्द ही कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।