लाइसेंसी शस्त्र जमा कराने के लिए स्क्रीनिंग कमेटी गठित
बुलंदशहर। कलक्ट्रेट सभागार में डीएम रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। चुनाव को निष्पक्ष, स्वतंत्र और शांतिपूर्ण ढंग से कराए जाने के लिए लाइसेंसी शस्त्र जमा कराए जाने के लिए डीएम ने एक स्क्रीनिंग कमेटी गठित की है। यह कमेटी ही निर्णय करेगी कि किस व्यक्ति का लाइसेंस जमा करना है और किसका जमा नही करना है।
बैठक में ऐसे व्यापारी वर्ग जिनके यहां नकदी का अधिक लेन-देन होता हो, अपराध पीड़ित व्यक्ति, शूटिंग स्पोर्टस संबंधित व्यक्ति, किसी गंभीर आपराधिक केस में गवाह व्यक्ति, सिक्योरिटी एजेंसी, बैंक गार्ड के शस्त्रों को जमा नहीं कराए जाने को लेकर विचार विमर्श किया गया। जिसमें कहा गया कि थाना प्रभारी, सीओ पुलिस व एसडीएम द्वारा परीक्षण कर संस्तुति देने के बाद विचार किया जाएगा। इसके अतिरिक्त आपराधिक प्रवृत्ति, जमानत पर बाहर आए व्यक्ति के साथ ही पंचायत निर्वाचन के लिए अतिसंवेदनशील, संवेदनशील ग्राम पंचायतों के लाइसेंस धारकों के शस्त्र जमा कराने के निर्देश दिए। थाना प्रभारियों, सीओ और एसडीएम को डीएम ने कहा कि वह अपने-अपने क्षेत्र में स्व विवेक का इस्तेमाल कर उन तथ्यों का आंकलन कर लें कि किन-किन व्यक्तियों के शस्त्र लाइसेंस शांति एवं कानून व्यवस्था के दृष्टिगत जमा कराए जाने न्यायोचित हैं। साथ ही किन व्यक्तियों को शस्त्र उनके पास सुरक्षा के लिए रखना आवश्यक है। बैठक में एसएसपी संतोष कुमार सिंह, एसडीएम प्रशासन रवींद्र कुमार एसपी सिटी, स्थानीय अभिसूचना इकाई के निरीक्षक सदस्य के रूप में उपस्थित रहे।