नामांकन कराने वाले दो अधिकारी निकले संक्रमित
बुलंदशहर। नामांकन प्रक्रिया में लगे दो अधिकारियों के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद उन्हें आइसोलेशन में भेजकर दोनों केंद्रों को सैनिटाइज कराया गया तथा उनके स्थान पर नए अधिकारियों को तैनात किया गया। इसके चलते नामांकन करने वाले सदस्य और उनके प्रस्तावक भी असमंजस की स्थिति में हैं। इस संबंध में एडीएम प्रशासन रवींद्र कुमार ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया से जुड़े दो अधिकारियों की कोविड जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दोनों केंद्रों को सैनिटाइज कराते हुए उनके स्थान पर दूसरे अधिकारियों को तैनात किया गया है।
नामांकन के लिए अधिकतर केंद्र पड़े रहे खाली
बुलंदशहर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए किए जा रहे नामांकन के दूसरे व अंतिम दिन अधिकतर नामांकन केंद्र खाली पड़े रहे। कलक्ट्रेट सभागार में बनाए गए जिला पंचायत सदस्य के नामांकन केंद्रों पर इक्का-दुक्का करके ही प्रत्याशी नामांकन के लिए पहुंचे, जिसके कारण रविवार को नामांकन केंद्रों पर व्यवस्थाएं बनाने में अधिकारियों को अधिक मेहनत नहीं करनी पड़ी। वहीं, सदर ब्लॉक पर भी ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य और क्षेत्र पंचायत सदस्य के पदों पर नामांकन हुआ। यहां पर भी रविवार को कम ही संख्या देखने को मिली।
दो दिन तक चलेगी नामांकन पत्रों की जांच
बुलंदशहर। नामांकन के बाद सोमवार सुबह 8 बजे से नामांकन पत्रों की जांच शुरू हो जाएगी। 19 और 20 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी। अधिकारी इसकी तैयारियाें में लग गए हैं। 20 अप्रैल तक जांच की प्रक्रिया पूरी करने के बाद 21 को नाम वापसी के लिए प्रत्याशियों को समय दिया जाएगा और उसी दिन चुनाव चिन्हों का आवंटन कर दिया जाएगा। इसके बाद 29 अप्रैल को मतदान के बाद दो मई को मतगणना की जाएगी।
मुहूर्त देखकर पहुंचे नामांकन करने
कुछ प्रत्याशियों ने नामांकन के लिए मुहूर्त निकलवाया था। ज्योतिषियों द्वारा बताए गए समय पर ही उन्होंने कलक्ट्रेट में प्रवेश किया। हालांकि तालाबंदी के चलते कलक्ट्रेट गेट के बाहर रुकने की इजाजत किसी भी समर्थक को नहीं दी गई थी।
डीएम और एसएसपी ने अधिकारियों को दी हिदायत
डीएम रविन्द्र कुमार और एसएसपी भारती सिंह ने त्रिस्तरीय चुनाव के लिए किए जा रहे नामांकन का विभिन्न ब्लॉक पर निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि कोरोना महामारी की गाइडलाइन का पालन कराए बिना न तो मतदान होगा और न ही अन्य कोई प्रक्रिया। इसमें अधिकारी जरा भी ढिलाई न बरतें। इस दौरान डीएम ने कलक्ट्रेट परिसर में जिला पंचायत सदस्य के लिए किए जा रहे नामांकन और गुलावठी ब्लॉक में प्रधान, ग्राम पंचायत और क्षेत्र पंचायत सदस्यों के नामांकन की प्रक्रिया का निरीक्षण किया।