अनूपशहर के मोहल्ला जामा मस्जिद में गिरा मकान का छज्जा। संवाद
अनूपशहर। कस्बे के मोहल्ला जामा मस्जिद में शुक्रवार शाम एक पुराने मकान का छज्जा अचानक गिर गया। जर्जर मकान का छज्जा हटाने का काम कर रहे मजदूरों के जाने के करीब डेढ़ घंटे बाद अचानक नीचे गिर गया। हादसे में पड़ोस के घर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
बताया कि योगेश शर्मा (53) अपने परिवार के साथ पिछले 22 वर्षों से इस पुराने मकान में रह रहे हैं। मकान का छज्जा काफी पुराना और क्षतिग्रस्त हो गया। इसे हटवाकर नई प्लेन दीवार बनवाने के लिए पीड़ित योगेश ने 20 हजार रुपये का कर्ज भी लिया था। शुक्रवार को मजदूरों ने शाम करीब पांच बजे तक छजली हटाने आदि काम किया और चले गए। इसके बाद शाम करीब 6:30 बजे अचानक तेज धमाके के साथ बचा हुआ छज्जा नीचे आ गिरा।
छज्जा गिरते ही मलबा सीधे सामने रहने वाले ओमपाल के मकान एवं सड़क पर जा गिरा। हादसे में ओमपाल के मकान का अगला हिस्सा और किवाड़ भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के वक्त योगेश शर्मा की पत्नी और बेटा ऋतिक घर के भीतर ही मौजूद थे। अचानक हुई जोरदार आवाज से पड़ोसी डर कर घरों से बाहर निकल आए। मलबे की चपेट में आने से मोहल्ले की बिजली सप्लाई लाइन भी नीचे आ गई। अनूपशहर एसडीएम अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि हलका लेखपाल को तुरंत मौके पर भेजकर स्थिति का जायजा लेने और नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।