धूल भरी आंधी और उसके बाद आई तेज बारिश ने जिलेभर में बिजली आपूर्ति बाधित कर दी। दर्जनों एलटी लाइन गिरने से सैकड़ों गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। 50 से ज्यादा बिजली के पोल गिर पड़े।
औरंगाबाद, जहांगीराबाद, गुलावठी, शिकारपुर, अनूपशहर, डिबाई, ऊंचागांव, अहार, खुर्जा आदि के ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
जिले में दर्जनभर से ज्यादा एलटी लाइनें गिर पड़ी। इसके अलावा 50 से ज्यादा बिजली के पोल उखड़ गए। अधीक्षण अभियंता राजेश सिंह ने बताया कि आंधी और बारिश के कारण बिजली की लाइनें और पोल गिर गए हैं। इसके कारण बिजलीघरों से शटडाउन ले लिया गया है। शनिवार तक लाइनों को ठीक कर आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।
गिरी बिजली, उपकरण फुंके, मकानों में आई दरार
आकाशीय बिजली गिरने से बृहस्पतिवार को कई मकानों में विद्युत उपकरण फुंक गए। वहीं मकान में दरारें पड़ गईं। इससे कस्बे के लोगों में हड़कंप मचा रहा। बृहस्पतिवार रात तेज हवाओं के साथ आई बारिश और आकाशीय बिजली ने आफत ला दी। देर रात आकाशीय बिजली गिरने से कस्बे में विद्युत वोल्टेज अचानक तेज हो गया।
इससे मोहल्ला काली हवेली में बिजली के कारों में आग लग गई। वहीं कई घरों में फ्रिज, टीवी आदि विद्युत उपकरण फुंक गए। वहीं मोहल्ला निवासी ओमप्रकाश के मकान के छज्जे में दरार आ गई। गुड्डू, महेन्द्रपाल, राकेश आदि लोगों के घरों के उपकरण फुंक गए।