खुर्जा जंक्शन। रेल पथ निरीक्षक की ओर से एक कर्मचारी को निलंबित करने और अभद्रता करने के विरोध में गैंग 87 और 88 के 40 से अधिक कर्मचारियों ने हड़ताल कर दी। उन्होंने अलीगढ़ निरीक्षक को ज्ञापन देकर मामले में जांच कर कार्रवाई करने की मांग की। बृहस्पतिवार को विरोध प्रदर्शन भी किया गया।
रेलवे कर्मचारी अनिल सोलंकी ने बताया कि रेलवे पटरी पर सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेना कर्मचारियों के काम होता है। इसमें रेलवे पटरी पर ज्वाइंट ठीक करना, सिग्नल ठीक करना, पत्थर को एक समान करना, मरम्मत आदि कार्य शामिल हैंं। यह सभी कर्मचारी रेल पथ निरीक्षक के अंतर्गत कार्य करते हैं।
उनका कहना कहना है खुर्जा जंक्शन पर तैनात रेल पथ निरीक्षक कर्मचारियों से अभद्रता करते हैं। निर्धारित समय से अतिरिक्त कार्य कराते हैं। यदि कोई विरोध करता है तो गाली गलौज करते हुए नौकरी से निकालने की धमकी देते हैं। इसी के चलते बुधवार को एक रेलवे कर्मी को निलंबित कर दिया गया।
इसी के विरोध में बृहस्पतिवार से गैंग नंबर 87 और 88 ने हड़ताल शुरू कर दी। जब तक दोनों अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होगी तब तक हड़ताल समाप्त नहीं की जाएगी। इस दौरान केशव शर्मा, सूरज, योगेश, अमित, दिवाकर, मुनेश कुमार, विवेक कुमार, सत्यवीर, नागेंद्र, भूपेंद्र चौधरी, सचिन शर्मा, राजेश, कार्तिक आदि मौजूद रहे।
वहीं, सेक्शन इंजीनियर पीडब्ल्यूआई केके शर्मा का कहना है कि अधिकारियों ने कर्मचारी से किसी कार्य के लिए कहा था, जो उसने इन्कार कर दिया। इसी के चलते उसको निलंबित किया गया। कर्मचारियों की हड़ताल खत्म करने के लिए वार्ता की जा रही है।