डिस्ट्रिक्ट बार सभागार में निंदा प्रस्ताव के दौरान बैठक में मौजूद अधिवक्ता। स्रोत: संगठन
बुलंदशहर। इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता के साथ हुई अभद्रता की घटना को लेकर स्थानीय वकीलों में भारी आक्रोश है। शनिवार को डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के सभागार में आम सभा की एक आपात बैठक आयोजित की गई। इसमें घटना की कड़े शब्दों में भर्त्सना करते हुए सर्वसम्मति से निंदा प्रस्ताव पारित किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि न्याय व्यवस्था के अहम स्तंभ अधिवक्ताओं के साथ इस तरह का अमर्यादित बर्ताव कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वकीलों के मान-सम्मान पर हमला किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं होगा। आम सभा में निर्णय लिया गया कि डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन इस पूरे प्रकरण में हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं के साथ पूरी एकजुटता से खड़ी है और शीघ्र ही इलाहाबाद बार एसोसिएशन को समर्थन पत्र भेजा जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता बार एसोसिएशन अध्यक्ष रविंद्र कुमार शर्मा ने की। संचालन महासचिव धर्मेन्द्र सिंह खालौर ने किया। बैठक में मुख्य रूप से श्यौराज सिंह, संजय शर्मा, कौशलेंद्र सिंह, पवन कुमार निम, प्रमुख चौधरी, मुकेश राजौरा, योगेश चौधरी एवं दिनेश कुमार शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिवक्ता मौजूद रहे।