बुलंदशहर। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) और उससे संबंधित कॉलेजों में स्नातक कोसों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई। बीए, बीएससी व बीकॉम समेत प्रोफेशनल कोर्स के छात्र-छात्राएं अपना पंजीकरण कराए, इसके लिए सीसीएसयू की ओर से निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
डीएवी पीजी कॉलेज की प्राचार्य प्रो. रेनू अग्रवाल ने बताया कि स्नातक में बीए, बीएससी व बीकॉम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सभी पाठ्यक्रमों, सर्टिफिकेट व डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में सत्र 2025-26 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण www.ccsuniversity.ac.in पर जाकर Admission 2025-26 पर जाकर कर सकते हैं। प्रवेश पंजीकरण के लिए छात्रों को 115 रुपये का पंजीकरण शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा।
बताया कि छात्र एक ही पंजीकरण शुल्क से अधिकतम तीन कॉलेजों का चयन कर सकते हैं। प्रवेश के लिए संबंधित छात्र की ईमेल आईडी जरूरी होगी। इसी ई-मेल का प्रयोग भविष्य में सीसीएसयू के सभी कार्यों के लिए होगा। ओटीपी से लेकर सभी जरूरी सूचनाएं ई-मेल पर आएंगी।
बताया कि इस बार कॉलेज स्तर पर ही मेरिट तैयार होगी। इसके लिए जानकारी जल्द मिल जाएगी। उन्होंने ऑनलाइन पंजीकरण कराने वाले छात्र-छात्राओं से आह्वान किया है कि वह ऑनलाइन पंजीकरण कराते समय यह भी ध्यान रखें कि किसी तरह की त्रुटि न हो। साथ ही सभी दस्तावेज लगे हो और सभी जानकारी पूरी भरें। ऐसा न हो कि किसी तरह की त्रुटि होने या फिर दस्तावेज की कमी से पंजीकरण निरस्त हो जाए।