मानवाधिकारों की रक्षा करने वाले को मिलेगा एक लाख रुपये का पुरस्कार
बुलंदशहर। मानवाधिकारों की रक्षा, सामाजिक न्याय एवं राष्ट्रीय एकीकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले को वर्ष 2020-21 के लिए गुरु गोविंद सिंह राष्ट्रीय एकता पुरस्कार दिया जाएगा। पुरस्कार के लिए आवेदन जिला सूचना कार्यालय और सीडीओ कार्यालय में होगा।
राष्ट्रीय एकीकरण अनुभाग द्वारा प्रदेश में रहने वाले लोगों में से किसी एक व्यक्ति, जिसने मानवाधिकारों की रक्षा की हो, सामाजिक न्याय एवं राष्ट्रीय एकीकरण के कार्य में उत्कृष्ट कार्य किया हो, ऐसे व्यक्ति को वर्ष 2020-21 के लिए गुरु गोविंद सिंह राष्ट्रीय एकता पुरस्कार से नवाजा जाएगा। पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये नकद तथा एक प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। सीडीओ अभिषेक पांडेय ने बताया कि ऐसा व्यक्ति भारत का मूल नागरिक हो, उत्तर प्रदेश राज्य की सीमा के भीतर पुरस्कार पर विचार किए जाने के वर्ष में सामान्यत: निवास करता रहा हो। इससे पूर्व इस राज्य सरकार द्वारा पुरस्कृत न किया गया हो। ऐसे लोग अपना आवेदन पत्र अभिलेखीय साक्ष्यों/ फोटोग्राफ सहित जिला सूचना कार्यालय अथवा सीडीओ कार्यालय में 30 सितंबर 2020 से पूर्व उपलब्ध करा दें।