तारीख पर आए युवक का पांच दिन पहले तीन लोगों ने अपहरण कर लिया। मारपीट के बाद धमैड़ा पीड़ित को धमैड़ा बस अड्डे पर छोड़कर भाग गए। पीड़ित ने तीन लोगों को नामजद कराया है।
हुर्थला गांव निवासी विपिन कुमार पुत्र रामवीर ने पुलिस को बताया कि उसकी ससुराल औलीना थाना औरंगाबाद में है। पत्नी पूजा के कोई भाई नहीं है। ससुर की मौत हो चुकी है। सास ने दूसरी शादी कर ली है। गांव औलीना में ही ससुर के नाम खेती की जमीन है। इस जमीन को औलीना निवासी तेजपाल पुत्र चंदन लाल, नरेंद्र पुत्र चंदन लाल और विजयपाल पुत्र चंदन लाल कब्जा कर हड़पना चाहते हैं। आरोपियों से इस जमीन को लेकर मुकदमेबाजी चल रही है।
विपिन ने बताया कि 20 जून को वह एसडीएम सदर कोर्ट में तारीख पर गए थे। शाम करीब 4.30 बजे लौटते समय वैन सवार तीनों आरोपियों ने उन्हें अगवा कर लिया और मारपीट पांच हजार रुपये से भरा पर्स छीन लिया। फिर धमैड़ा अड्डे पर फेंककर भाग गए। नगर कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।