डिबाई। थाना क्षेत्र के धर्मपुर हाॅल्ट स्टेशन पर ट्रेन से उतरते समय अचानक ट्रेन के चलने से 58 वर्षीय महिला विद्यावती पायदान से फिसलकर नीचे आ गईं। चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। इस दौरान प्लेटफाॅर्म पर मौजूद पति, भाई और नातिन असहाय बनकर बिलखते रहे।
चंदौसी के गांव मिल्क की गढ़िया निवासी रामप्रसाद अपनी पत्नी विद्यावती और 12 वर्षीय पोती शिखा के साथ ससुराल नगला छत्तु आ रहे थे। विद्यावती के भाई हेमराज सिंह उन्हें लेने के लिए धर्मपुर हाॅल्ट पर खड़े थे। ट्रेन रुकी तो रामप्रसाद और शिखा प्लेटफाॅर्म पर उतर गए, लेकिन जैसे ही विद्यावती ने नीचे पैर रखा, ट्रेन अचानक चल पड़ी।
संतुलन बिगड़ने से वह सीधे पटरियों और प्लेटफाॅर्म के बीच जा गिरीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। संवाद