गंगा स्नान कर घर लौट रहे एक अधेड़ को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान अधेड़ ने दम तोड़ दिया।
पीड़ित के भतीजे की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जानकारी के मुताबिक कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के अमनपुर गांव निवासी राहुल पुत्र महेंद्र ने शिकायत में बताया कि उसके चाचा जगवीर पुत्र अतर सिंह शुक्रवार देर शाम गंगा में डुबकी लगाकर लौट रहे थे।
तभी रौंडा गांव के पास अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर हालत में जगवीर को लोगों ने स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
कोतवाल हरीश भदौरिया ने बताया कि जगवीर के भतीजे की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
छात्रों को टक्कर मारकर कार खाई में पलटी
ट्यूशन पढ़ने जा रहे दो छात्रों को तेज रफ्तार कार ने सांखनी गांव के पास टक्कर मार दी। इसके बाद कार असंतुलित होकर खाई में पलट गई।
हादसे में घायल दोनों छात्रों को किसानों ने अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से दोनों को रेफर कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक शनिवार शाम करीब पांच बजे साइकिल से ट्यूशन पढ़ने जा रहे मुजाफिर पुत्र जहीर, आबिद पुत्र इमरान निवासी सांखनी को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, फिर खाई में पलट गई।
घायल दोनों छात्रों को लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से दोनों को चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कार को कब्जे में ले लिया है।
बाइकों की भिड़ंत में रॉड से सिर फोड़ा
दो बाइकों की भिड़ंत में हुए विवाद में एक बाइक सवार भाइयों ने अन्य बाइक सवार युवक को रॉड से हमला कर सिर फोड़ दिया। घायल ने दोनों भाइयों के खिलाफ तहरीर दी है।
शेखवाड़ा रामपुरा निवासी मौ. फारूक पुत्र हाजी सुलेमान ने बताया कि वह पशुपाल का काम करता है। शनिवार करीब 11.30 बजे वह दूध देकर लौट रहा था।
तभी अस्पताल के पास रांग साइड में आ रहे बाइक सवार पवन सैनी और टिंकू सैनी पुत्रगण चंद्रपाल ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दोनों एसडीएम कालोनी के रहने वाले हैं।
फारूक ने बताया कि विरोध करने पर दोनों भाइयों ने रॉड से प्रहार कर उसका सिर फोड़ दिया, जिसमें 15 टांके लगे हैं। फारूक ने दोनों भाइयों के खिलाफ तहरीर दी है।