गुलावठी-हापुड़ के बीच ओएचई में खराबी होने के कारण गुलावठी रेलवे स्टेशन पर दो पैंसेजर ट्रेन पांच घंटे तक खड़ी रहीं। बाद में डीजल इंजन के पहुंचने पर ट्रेनों को रवाना किया गया।
इस बीच रेलवे स्टेशन पर यात्री काफी देर तक परेशान रहे। बाद में यात्री अन्य वाहनों से सफर करने को मजबूर हुए। मंगलवार सुबह छह बजे गुलावठी और हापुड़ के बीच विद्युत लाइन में खराबी होने के कारण दो ट्रेनें गुलावठी में रुकी रहीं।
बताया जाता है कि संगम एक्सप्रेस गुजरने के बाद विद्युत लाइन में खराबी आई। जिससे ट्रेनों का आवागमन बाधित हो गया। इस बीच यात्री परेशान रहे।
स्टेशन मास्टर चंदन कुमार ने बताया कि ओएचई में खराबी के कारण ट्रेनें नहीं चल सकीं। खुर्जा से मेरठ जाने वाली पैसेंजर ट्रेन 54401 साढ़े सात बजे गुलावठी स्टेशन पहुंच गई थी।
जबकि मेरठ से खुर्जा जाने वाली पैसेंजर ट्रेन 54402 प्रात: आठ बजे स्टेशन पर पहुंच गई, लेकिन ओएचई में खराबी के चलते दोनों ट्रेन पांच घंटे स्टेशन पर खड़ी रहीं। बाद में ट्रेेनों को डीजल इंजन मंगाकर रवाना किया गया।