संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। शहर की हवा लगातार जहरीली हो रही है। एक्यूआई 200 के पार पहुंचने पर ग्रैप का दूसरा चरण लागू किया जा चुका है। शुक्रवार को शहर का एक्यूआई 224 तो खुर्जा का 258 मापा गया। जिले में वायु प्रदूषण बढ़ाने वाले 12 स्थानों को अफसरों ने चिन्हित कर वायु प्रदूषण को कम करने का प्रयास शुरू कर दिया है।
शहर का एक्यूआई पिछले कई दिनों से 200 के पार चल रहा है। प्रदूषण बढ़ने से लोगों को सांस लेने में परेशानियां भी हो रही है। इसके बावजूद शहर की सड़कों पर धूल उड़ रही है और जगह-जगह कूडा जलाया जा रहा है। वायु प्रदूषण बढ़ने पर प्रदूषण विभाग के अफसर भी सड़कों पर उतरकर कार्रवाई में जुट गए हैं। अफसरों ने वायु प्रदूषण फैलाने वाले 12 स्थानों को चिन्हित किया है। अब यहां पर वायु प्रदूषण को कम करने का प्रयास किया जाएगा।
क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एसएसओ गीतेश चंद्रा ने बताया कि नगर का कालाआम चौराहा, स्याना अड्डा, डिप्टी गंज, भूड़ चौराहा, चांदपुर रोड, यमुनापुरम में ट्रैफिक की वजह से सबसे ज्यादा वायु प्रदूषण हो रहा है। इसके अलावा सिकंदराबाद में दनकौर रोड, खुर्जा में जीटी रोड, जंक्शन रोड, मूंडाखेड़ा, शिकारपुर रोड और पुराने जीटी रोड पर रूट डायर्जन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अन्य विभागों से भी समन्वय बनाकर प्रदूषण को कम करने के प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रैप का तीसरा चरण लागू न हो इसके लिए पानी का छिड़काव कराने को भी निकाय अफसरों से कह रहा है।
उधर, जिले के प्रभारी मंत्री व वन मंत्री डाॅ. अरुण सक्सेना ने ग्रेटर नोएडा के प्राधिकरण सभागार में वायु प्रदूषण को बढ़ने से रोकने के लिए दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र से जुड़े प्रदूषण अफसरों संग समीक्षा बैठक की। कहा कि सड़क किनारे घास लगाकर और इंटरलाकिंग टाइल्स बिछाकर वाहनों की रफ्तार के साथ उड़ते धूल के गुबार रोके जाएं। एंटी स्माक गन, वाटर स्प्रिंलकर से छिड़काव कराकर सभी विभाग मिलकर प्रदूषण पर वार करें।