कनेक्शन देने में यदि आनाकानी हुई तो आरोपी अफसर-कर्मी पर कार्यवाही होगी। बिजली कनेक्शन आवंटन पर एमडी ने अफसरों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। नए कनेक्शन के लिए बिजली दफ्तर में यदि किसी भी व्यक्ति से दो से ज्यादा चक्कर लगवाए तो अफसर को स्पष्टीकरण देना होगा।
पावर कारपोरेशन में नए कनेक्शन लेने के लिए लोगों को अफसरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। यह हाल तब है जब शासन की तरफ से ज्यादा से ज्यादा नए कनेक्शन जारी करने के निर्देश हैं। नए कनेक्शन जारी करने में मनमानी पर अब एमडी ने सख्त निर्देश दिए हैं।
एमडी ने अफसरों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नए कनेक्शन के लिए आने वाले किसी भी व्यक्ति से दो बार से ज्यादा दफ्तर न बुलवाएं। यदि किसी भी व्यक्ति को किसी कारण से तीसरी बार दफ्तर बुलाया तो संबंधित अफसर को स्पष्टीकरण देना होगा।
जेई-लाइनमैन यदि फाइल पर रिपोर्ट लगाने में आनाकानी करेंगे या फिर बाबू रसीद काटने में आनाकानी करेगा तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
बकाए पर भी सख्ती
पावर कारपोरेशन के एमडी ने बकाए का भुगतान न होने पर भी सख्त रुख अख्तियार करते हुए काटे गए कनेक्शनों पर सप्लाई चालू पाए जाने के मामलों की जांच करने के निर्देश दिए हैं।
किसी भी व्यक्ति को नया कनेक्शन जारी करने में दो बार से ज्यादा विभाग के चक्कर न कटवाए जाएं।
-अभिषेक प्रकाश, एमडी, पीवीवीएनएल