बुलंदशहर। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) की ओर से स्नातक व परास्नातक की विषम सेमेस्टर की होने वाली परीक्षाओं की 46 केंद्रों पर तैयारी पूरी हो चुकी है। यह परीक्षाएं बुधवार से शुरू हो रही हैं। परीक्षा केंद्रों पर सीसीएसयू की ओर से मिले दिशा-निर्देशानुसार तैयार की गई है।
डीएवी पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राजीव सिरोही ने बताया कि सीसीएसयू की ओर से एनईपी-2020 के अंतर्गत संचालित पाठ्यक्रमों की विषम सेमेस्टर (दिसंबर 2025) परीक्षाओं के लिए केंद्रों की पहले ही जारी कर दी है। बताया कि विषम सेमेस्टर परीक्षाएं दो पालियों में सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक और दोपहर दो से पांच बजे तक होगी। परीक्षा में स्नातक बीए, बीएससी व बीकाॅम के अलावा परास्नातक एमए, एमससी व एमकॉम पाठ्यक्रमों के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे।
सीसीएसयू की ओर से इस संबंध में कार्यक्रम जारी कर वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। दूसरी ओर यूजी एनईपी प्रथम सेमेस्टर में केवल एक्स व बैक पेपर के छात्र शामिल होंगे, जबकि तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर में मुख्य, एक्स-बैक के सभी छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। एनईपी के सभी पेपर 34 कार्य दिवसों में पूरे होंगे।
बताया कि केंद्रों पर प्रत्येक परीक्षा कक्ष में वायस रिकाॅर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरे के डीवीआर के साथ राउटर डिवाइस लग चुके हैं। परीक्षा पूरी पारदर्शिता के साथ और नकल रहित होगी। इसमें किसी भी स्तर से होने वाली लापरवाही पर कड़ा संज्ञान लिया जाएगा। केंद्रों पर परीक्षा देने वाले छात्र-छात्राओं को प्रवेश पत्र व पहचान पत्र के साथ ही प्रवेश दिया जाएगा।