बुलंदशहर। जिला चिकित्सालय की पैथोलॉजी लैब में ब्लड रिपोर्ट के लिए मरीजों को इंतजार नहीं करना पड़ेगा। समाचार प्रकाशन के बाद जिला चिकित्सालय प्रशासन ने शुक्रवार से एक नया काउंटर बना दिया। जिसके बाद मरीजों को लंबी लाइन से राहत मिली।
जिला चिकित्सालय की पैथोलॉजी लैब में पिछले कई दिनों से मरीजों की ब्लड जांच कराने के लिए संख्या बढ़ रही थी। इसके लिए अभी तक तीन काउंटर संचालित हो रहे थे। इनमें एक पर पंजीकरण, दूसरे पर ब्लड सैंपल व तीसरे पर ब्लड जांच की रिपोर्ट मिलती है। लेकिन स्टाफ सीमित होने के कारण यह काउंटर मरीजों के लिए कम पड़ रहे है तो वहीं, इंतजार करने के लिए बैठने की भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। मरीजों को धूप में खड़े होकर या जमीन पर बैठकर इंतजार करना पड़ रहा था। अमर उजाला ने मामले को संज्ञान में लेकर बृहस्पतिवार के अंक में पैथोलॉजी में जांच के लिए घंटों लाइन में लग रहे मरीज शीर्षक से समाचार को प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसे उच्च अफसरों ने संज्ञान में लेकर जिला चिकित्सालय प्रशासन से जवाब मांगा। मरीजों की परेशानी देख शुक्रवार से लैब की दूसरी साइड एक और काउंटर खोल दिया गया। जिससे शुक्रवार को समय पर मरीजों को रिपोर्ट मिलने में राहत मिली।
पैथोलॉजी लैब में रिपोर्ट के लिए एक नया काउंटर शुक्रवार से खुलवा दिया गया। इसके खुलने से मरीजों को काफी राहत मिलेगी। - डॉ. प्रदीप राणा, प्रभारी सीएमएस जिला चिकित्सालय