स्वाइप मशीन से भुगतान पर मिलेगा राशन
- फोटो : amar Ujala
अब वह दिन दूर नहीं जब सरकारी सस्ते राशन की दुकान पर नकद भुगतान की जगह स्वाइप मशीन से भुगतान करने पर ही राशन मिलेगा। जल्द ही जिले की सभी दुकानों पर स्वाइप मशीन लग जाएंगी। आपूर्ति विभाग ने कैशलेस व्यवस्था का खाका खींचकर बैंक से स्वाइप मशीन लगवाने के लिए संपर्क किया है।
बता दें कि मोदी सरकार ने कैशलेस प्रणाली शुरू करने पर जोर दे रही है। इसी तर्ज पर खाद्य एवं रसद विभाग ने सरकारी राशन की दुकानों पर उपभोक्ताओं को कैशलेस राशन उपलब्ध करवाने की सुविधा शुरू करने का निर्णय लिया है। विभागीय आदेश मिलने पर जिला आपूर्ति विभाग ने इस सुविधा को राशन की दुकानों पर शुरू करने को खाका खींच लिया है।
सभी दुकानों पर स्वाइप मशीन लगाने के लिए एक बैंक से संपर्क किया जा रहा है। अफसरों का दावा है कि इस सुविधा को दुकानों पर जल्द ही शुरू किया जाएगा। यह सुविधा शुरू होने से डीलर उपभोक्ता से अधिक राशि नहीं ले पाएगा तो साथ ही राशन वितरण में खेल नहीं कर पाएंगे।
यहां यह भी बता दें कि जिले में सरकारी राशन की 1424 दुकान संचालित हैं। इन दुकानों पर फूड सिक्योरिटी एक्ट के तहत उपभोक्ताओं को दो रुपये किलो गेहूं और तीन रुपये किलो चावल दिया जाता है। जिले में इस योजना से 6.50 लाख परिवार जुड़े हुए हैं। इसी तरह दुकानों पर केरोसीन और चीनी का भी वितरण किया जाता है।
बुलंदशहर, खुर्जा और गुलावठी में एक-एक दुकानों पर स्वाइप मशीन अगले एक सप्ताह में लग जाएंगी। जबकि शेष दुकानों पर स्वाइप मशीन लगाने के लिए एक बैंक से संपर्क किया जा रहा है।
- केबी सिंह, डीएसओ