बुलंदशहर। बोर्ड परीक्षाओं का समय नजदीक आते ही विद्यार्थियों पर पढ़ाई का दबाव बढ़ जाता है। जिससे कई बच्चे तनाव में आ जाते हैं। इसी चुनौती को देखते हुए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने पहल की है। जिले के सभी 50 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा-नौ से 12 तक के बच्चों को तनाव से मुक्त रहने का पाठ पढ़ाया जाएगा। इसके लिए सप्ताह में दो दिन विशेष अतिरिक्त कक्षाएं चलाई जाएंगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक विनय कुमार ने बताया कि विभाग ने स्कूलों को निर्देश भेज दिए हैं। अब प्रत्येक राजकीय माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक विद्यार्थियों को सामाजिक-भावनात्मक शिक्षा और कॅरिअर जागरूकता के बारे में प्रशिक्षित करेंगे। विद्यार्थियों को अपनी भावनाओं को समझने, परीक्षा को लेकर सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास बढ़ाने के तरीके बताए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि शिक्षकों को इसके लिए अलग से प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिससे वे छात्र-छात्राओं को तनाव प्रबंधन के बारे में प्रभावी तरीके से समझा सकें। विभाग का उद्देश्य है कि विद्यार्थी सिर्फ पढ़ाई ही नहीं, बल्कि मानसिक रूप से भी मजबूत बनें। बताया कि यह पहल परीक्षा सत्र से पहले बच्चों के लिए बड़ा सहारा साबित होगी।