बुलंदशहर। जिला चिकित्सालय की तरह अब सभी सरकारी चिकित्सालय से मरीजों को ऑनलाइन मोबाइल पर खून जांच की रिपोर्ट मिल सकेगी। इसके लिए बृहस्पतिवार को सीएमओ सभागार में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत एलटी व एमओआईसी को एकदिवसीय प्रशिक्षण दिया गया।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. रमित कुमार ने बताया कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के संयुक्त निदेशक डॉ. मोहित सिंह ने पैथोलॉजी लैब में तैनात मानव संसाधन को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। इसे संज्ञान में लेते हुए जिले के सरकारी चिकित्सालयों के लैब टेक्नीशियन, डाटा एंट्री ऑपरेटर व एमओआईसी का एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। बताया कि लखनऊ से आई दो सदस्यीय टीम ने प्रशिक्षण दिया।
चिकित्साधिकारी डॉ. गौरव सक्सेना ने बताया कि जल्द ही सभी सरकारी चिकित्सालयों पर मरीजों को खून देने के बाद मोबाइल पर ऑनलाइन रिपोर्ट मिलने लगेगी। यह रिपोर्ट मरीज के आभा एप पर भी दर्ज हो जाएगी। इस दौरान विजय यादव, ऋषभ शर्मा समेत जिलेभर के एमओआईसी, एलटी व डाटा एंट्री ऑपरेटर मौजूद रहे।