बुलंदशहर। परास्नातक की कक्षाओं में प्रवेश के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया जारी है। अब इसमें प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राएं 11 अगस्त तक पंजीकरण करवा सकते हैं। इसलिए अब पंजीकरण कराने के लिए दो दिन शेष बचे हैं। चौ. चरण सिंह विश्वविद्यालय की ओर से पंजीकरण कराने के लिए पूर्व में पंजीकरण कराने के लिए 31 जुलाई तक का मौका दिया गया था।
डीएवी पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राजीव सिरोही ने बताया कि सीसीएसयू की ओर से इस समय परास्नातक की कक्षाओं में प्रवेश के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया जारी है। इसके लिए सीसीएसयू की ओर से 31 जुलाई तक का समय दिया गया था लेकिन पंजीकरण के लिए समय बढ़ाकर 11 अगस्त तक कर दिया था। उन्होंने बताया कि इस तिथि तक छात्र-छात्राएं हर हाल में पंजीकरण करा दें।
बिना पंजीकरण कराए किसी भी विद्यार्थी का प्रवेश नहीं होगा। साथ ही पंजीकरण कराने वाले छात्र-छात्रा किसी भी तरह की त्रुटि न करें। अन्यथा आवेदन निरस्त हो सकता है। इसलिए इस बात का विशेष ध्यान रखें कि पंजीकरण के दौरान दर्ज की गई सभी जानकारी को दोबारा देख लें। यदि किसी तरह की त्रुटि है तो उसे दूर कर ही पंजीकरण की प्रक्रिया को अंतिम रूप दें। उन्होंने यह भी बताया कि कॉलेजों की ओर से परास्नातक में प्रवेश के लिए तैयारी शुरू हो गई है।