बुलंदशहर। सरकारी अस्पताल में रील बनाने पर सीएमओ ने तीन स्टाफ को नोटिस जारी किया है। पिछले दिनों मिर्जापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात महिला फार्मासिस्ट, एएनएम व स्टाफ नर्स ने रील बनाई और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। मामला सीएमओ तक पहुंचा तो संबंधित को पत्र भेज स्पष्टीकरण मांगा। तीनों ने लिखित में माफीनामा दिया है।
मिर्जापुर पीएचसी पर तैनात तीन महिला कर्मचारियों ने नाचते एवं गाते हुए रील बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर अपलोड की। संबंधित पोस्ट पर लाइक एवं कमेंट आने पर किसी ने सीएमओ से मामले की शिकायत की। सीएमओ ने मामले में डिप्टी सीएमओ डॉ. हरेंद्र बंसल को जांच सौंपी। डिप्टी सीएमओ ने संबंधित महिला फार्मासिस्ट, एएनएम व स्टाफ नर्स को सीएमओ कार्यालय आकर लिखित में स्पष्टीकरण देने को कहा। इसके बाद संबंधित स्टाफ ने सीएमओ कार्यालय पहुंच अपना लिखित में स्पष्टीकरण दे माफी मांगी है। डिप्टी सीएमओ डॉ. हरेंद्र बंसल ने बताया कि सीएमओ के निर्देश पर तीनों से स्पष्टीकरण ले लिया है। तीनों से माफीनामा लेने के बाद नियमानुसार ड्यूटी करने के निर्देश दिए हैं।