बुलंदशहर। संभागीय परिवहन विभाग ने टैक्स जमा न करने पर 1560 वाहन स्वामियों को नोटिस जारी किया है। इन वाहन स्वामियों पर विभाग का 252 लाख रुपये बकाया चल रहा है। इस वित्तीय सत्र में अब तक 510 लाख बकाया होने पर 2698 वाहन स्वामियों को नोटिस जारी किया जा चुका है। जबकि पूर्व में दिए नोटिस के बाद धनराशि जमा न करने पर 252 लाख बकाया होने पर 1304 वाहन स्वामी को आरसी जारी की गई है। इसके बाद भी टैक्स जमा नहीं करने पर वाहनों को सीज कर दिया जाएगा।
कामर्शियल वाहन स्वामियों को सुविधा के अनुसार एक, तीन महीने और सालाना सुविधानुसार टैक्स (मोटरयान कर) जमा करना होता है लेकिन जिले में कई ऐसे वाहन स्वामी हैं, जिन्होंने लंबे समय से संभागीय परिवहन विभाग का टैक्स जमा नहीं किया है। ऐसे में विभाग ने टैक्स जमा न करने वालों को नोटिस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पूर्व नोटिस जारी करने वालों की आरसी काटनी शुरू कर दी है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) सतीश कुमार ने बताया कि अधिकतर वाहन स्वामियों को समय-समय पर नोटिस जारी किया जा रहा है। इसके बाद भी वाहन स्वामी टैक्स जमा नहीं कर रहे हैं। अब 1560 वाहन स्वामियों को 252.90 लाख रुपये बकाया होने पर नोटिस जारी किया गया है। इस वित्तीय वर्ष में अब तक 2698 वाहन स्वामियों को 510.57 लाख रुपये टैक्स बकाया होने पर नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इसके अलावा नोटिस जारी करने के बाद भी टैक्स जमा न करने पर 1304 वाहन स्वामियों के खिलाफ आरसी जारी की गई है। अब जिन वाहनों का टैक्स जमा नहीं हुआ है, ऐसे वाहन रोड पर संचालित होते हुए मिलते हैं, तो उनको सीज करने की कार्रवाई की जाएगी।