संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। विस्फोट कांड के मुख्य आरोपी राजकुमार जनपद में फटेहाल जिंदगी जी रहा था, लेकिन उसके घर से बरामद सामान उसकी आलीशान जिंदगी की ओर भी इशारा कर रहा है। पुलिस को उसके घर से नोट गिनने की मशीन समेत अन्य महत्वपूर्ण सामान बरामद हुआ है। पुलिस अब उसके कारोबार की जड़ों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
विस्फोट कांड की जांच में जुटी एसआईटी और पुलिस टीमों के सामने मुख्य आरोपी राजकुमार के परत दर परत राज खुलते नजर आ रहे हैं। उसके घर में तहखाने बने हुए थे, जिनमें उसने केमिकल, विस्फोटक पदार्थ आदि भरा हुआ था। वह अपने परिवार की जिंदगी मौत के हाथों में रखे हुए था। हालांकि, उसने घर में इन सब चीजों से बचाव का इंतजाम भी किया हुआ था। पुलिस ने जब उसके घर की गहनता से जांच की तो वहां से उन्हें आग बुझाने के कई सिलिंडर बरामद हुए हैं। साथ ही नोट गिनने की मशीन, प्रिंटर, कंप्यूटर व अन्य सामान भी बरामद हुआ है। नोट गिनने की मशीन मिलने के बाद से चर्चा है कि आरोपी का कारोबार काफी बड़ा है। अब पुलिस ने कारोबार की जड़ों तक पहुंचने के लिए पूरा जोर लगा दिया है। जांच में यह भी सामने आया है कि राजकुमार की देहरादून में चार सौ गज में कोठी भी है। लेकिन, वह बुलंदशहर नुमाइश रोड पर अपने परिवार के साथ कच्चे मकान में रहता था। उसके मकान के एक हिस्से में टीनशेड पड़ा हुआ है। जमीन पर फर्श या पत्थर के स्थान पर गोबर से लेपा गया है। जिसे देखकर लगता है कि उसकी माली हालत ठीक नहीं है। वह यहां मामूली जिंदगी जीने का ढोंग कर रहा था। वहीं आरोपी के घर से गंधकपुटाश व अन्य रसायनिक पदार्थ बरामद हुआ है। रसायनिक पदार्थ को जांचने वाली मशीन भी मिली है।
किसी बड़े नेटवर्क से जुड़े होने की चर्चा
आरोपी के घर से मिले सामान के बाद से चर्चा है कि आरोपी राजकुमार किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। घर में नोट की मशीन होना भी इसी ओर इशारा कर रहा था। जिसके बाद से पुलिस गोपनीय रूप से उसकी तलाश के साथ साथ उसके नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। हालांकि, पुलिस अधिकारी उसके आतंकवादी संलिप्तता से अभी इंकार कर रहे हैं।
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि आरोपी राजकुमार के घर से कुछ अहम चीजें भी मिली हैं। वह उसके पास कहां से, कैसे आईं और वह उनका क्या करता था, यह जांच का विषय है। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी कर पूरा राजफाश कर दिया जाएगा।