जिला अस्पताल में नहीं दर्द निवारक मरहम और खांसी का सीरप
बुलंदशहर। दर्द का इलाज कराने के लिए जिला अस्पताल आ रहे मरीजों का दर्द कम नहीं हो रहा है। यही हाल खांसी के मरीजों का है। काफी समय से जिला अस्पताल में दर्द निवारक मरहम व कफ सीरप नहीं है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि दोनों दवाओं की मांग की गई है, अभी तक आपूर्ति नहीं मिली है।
जिला अस्पताल में इन दिनों वायरल बुखार, खांसी आदि से पीड़ित लोग अधिक आ रहे हैं। दो साल पूर्व तक जिला अस्पताल में छोटे बच्चों से लेकर बड़ों तक को कफ सीरप दिया जाता था। कोरोना काल शुरू होने से पूर्व शासन ने कफ सीरप पर रोक लगा दी थी। इसके बाद अस्पताल में कफ सीरप नहीं आया। वहीं, शिवरात्रि से पूर्व तक अस्पताल में गुम चोट लगने वालों को दर्द निवारक मरहम दिया जाता था। वह भी 15 दिन पूर्व समाप्त हो गया और अभी तक आपूर्ति न मिलने के कारण मरीजों को नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में खांसी का सीरप और दर्द निवारक मरहम मरीजों को बाहर से खरीदना पड़ रहा है।
प्रतिदिन आते है दर्द और खांसी के 200 से अधिक मरीज
जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. चंद्रप्रकाश सिंह ने बताया कि इन दिनों मौसम बदलने से लोगों को नजला-जुकाम और खांसी आदि की समस्या हो रही है। प्रतिदिन 100 से अधिक मरीज खांसी के आते रहते हैं। जिन्हें मौजूदा दवा लिखकर दे दी जाती है। आर्थोपेडिक सर्जन ने बताया कि प्रतिदिन ओपीडी में 200 से अधिक मरीज आते हैं। इनमें कुछ लोगों का उपचार लंबा चलता है तो शेष के छोटी-मोटी चोटें होने के कारण जल्द ठीक हो जाते हैं।
बोले मरीज
खांसी होने पर चिकित्सक से सीरप लिखने को कहा तो चिकित्सक ने अस्पताल में सीरप न होने की बात कही। बाहर से सीरप खरीदना पड़ा। - रेनू
गुम चोट लगने पर चिकित्सक ने कुछ दवा और मालिश के लिए तेल लिखकर दिया। चिकित्सक से दर्द निवारक मरहम लिखने की बात कही गई तो उन्होंने अस्पताल में मरहम न होने ही बात कही। - हरेंद्र
दर्द निवारक मरहम और कफ सीरप की डिमांड भेजी जा चुकी है। अभी कारपोरेशन से आपूर्ति नहीं मिली है। जल्द आपूर्ति के लिए दोबारा डिमांड लेटर भेजा जाएगा। आपूर्ति मिलने पर मरीजों को वितरित करना शुरू कर दिया जाएगा। - डॉ. राजीव प्रसाद, सीएमएस