राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बुलंदशहर से हथियार सप्लायर मोहम्मद शाहबाज अंसारी को गिरफ्तार किया है। एनआईए ने बताया कि शाहबाज ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग को हथियार सप्लाई किए थे और इन हथियारों से पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या की गई थी। एनआईए ने शाहबाज को गुरुवार को दिल्ली स्थित मुख्यालय पर पूछताछ के लिए बुलाया था, जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी दर्शायी गई है।
एनआईए सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में दो बार खुर्जा में दबिश दे चुकी है। इससे पहले शाहबाज को दो बार दिल्ली मुख्यालय पूछताछ के लिए बुलाया जा चुका था। हर बार उसको पूछताछ के बाद छोड़ दिया जाता था। अब तीसरी बार एनआईए ने गुरुवार को शाहबाज को दिल्ली बुलाया और आखिरकार गिरफ्तार कर लिया।
शाहबाज का पिता सप्लाई करता था पाकिस्तानी हथियार
बुलंदशहर जिले में खुर्जा निवासी शाहबाज अंसारी कुख्यात हथियार सप्लायर कुरबान का बेटा है। कुरबान की कई साल पहले मौत हो चुकी है। कुरबान और इसके भाई रिहान को 19 अगस्त 2016 को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया था। दोनों भाइयों से 10 ऑटोमेटिक विदेशी पिस्टल और 157 कारतूस बरामद हुए थे।
खुलासा हुआ था कि हथियारों की ये खेप पाकिस्तान से नेपाल के रास्ते भारत आई थी। उसी वक्त दिल्ली पुलिस ने दोनों भाइयों के खुर्जा (बुलंदशहर) स्थित आवास पर दबिश देकर भी कुछ हथियार बरामद किए थे। सूत्रों ने बताया कि शाहबाज का पूरा परिवार पिछले कई साल से हथियार सप्लाई के धंधे से जुड़ा हुआ है। इनके खिलाफ स्थानीय स्तर पर भी कई मुकदमे दर्ज हैं।