बुलंदशहर। चार मई को होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (एनईईटी-यूजी) जिले के सात केंद्रों पर आयोजित होगी। इसके लिए केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट को नामित किया गया है। केंद्रों पर सभी व्यवस्थाएं होंगी। परीक्षा कड़ी निगरानी में होगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक विनय कुमार ने बताया कि नीट के लिए सात केंद्र बनाए गए हैं। यहां पर पुलिस सुरक्षा, कक्ष निरीक्षक, शुद्ध पेयजल आपूर्ति, सफाई कार्य, आपातकालीन चिकित्सा, नियंत्रण कक्ष, अग्निशमन, खाद्य सुरक्षा, विद्युत, परीक्षार्थियों के ठहरने व यातायात की व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य व नीट के नोडल अधिकारी आरके सिंह ने बताया कि यह परीक्षा कड़ी सुरक्षा और सीसीटीवी के बीच कराई जाएगी।
सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट के अलावा अन्य अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षा के दिन केंद्रों के 500 मीटर की परिधि में फोटो कॉपी की दुकानें या साइबर कैफे नहीं खुलेंगे। चार मई को होने वाली इस परीक्षा के लिए नामित स्टेटिक मजिस्ट्रेट, नामित पुलिस अधिकारी के साथ परीक्षा केंद्रों पर उपस्थित रहकर धारा 163 का पालन कराते हुए कानून एवं शांति व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।