खुर्जा के एएसके रिफाहे आम इंटर कॉलेज में आयोजित बॉक्सिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते खिलाड़ी
खुर्जा। एएसके रिफाहे आम इंटर कॉलेज में आयोजित जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में अंडर-19 वर्ग में नीरज व लकी विजेता रहीं। इसके अलावा अन्य विजेता खिलाड़ियों को अतिथियों ने सम्मानित किया। दस सितंबर को स्कूल में होने वाली मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।
एएसके रिफाहे आम इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डाॅ. हुमायूं मसूद ने बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक डाॅ. आईएम खान और अन्य अतिथियों ने किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। खेल प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल के रूप में एसएमजेईसी इंटर कॉलेज के खेल प्रभारी रोहित कुमार, जेएस इंटर कॉलेज के अजय राय व रिफाहे आम इंटर कॉलेज के संजय सिंह रहे।
वहीं, रेफरी के रूप में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जाडोल के व्यायाम शिक्षक श्याम उपाध्याय रहे। खेल प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि बालिका वर्ग अंडर 19 में नीरज, अनूपशहर और लकी राज बुलंदशहर, अंडर-17 में अनूपशहर और गुंजन चौधरी, लखावटी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा अंडर-19 बालक वर्ग में प्रशांत व जुनैद और अंडर 17 बालक वर्ग में कृष्णा और अली गाजी खुर्जा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
परीक्षा प्रभारी इंद्रभान यादव ने बताया कि प्रतियोगिता में 50 स्कूलों के 180 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया था। जिसमें आठ विजेता रहे। यह खिलाड़ी दस से 12 सितंबर को स्कूल में होने वाली मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में बुलंदशहर जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।